Air India plane crash : तकनीकी खराबी नहीं, पायलट द्वारा फ्यूल स्विच बंद किए जाने के संकेत
Air India plane crash : अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर चौंकाने वाले संकेत सामने आए हैं।
Air India plane crash : अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर चौंकाने वाले संकेत सामने आए हैं। एक विदेशी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि कॉकपिट में फ्यूल सप्लाई बंद किए जाने के कारण हुई हो सकती है। इटली के प्रमुख अखबार कोरिएरे डेला सेरा ने नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच हुई बातचीत से वाकिफ सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है।
हालांकि, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की अंतिम रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं ने यह पाया कि इंजन तक फ्यूल सप्लाई बंद होना किसी मैकेनिकल फेल्योर का नतीजा नहीं, बल्कि जानबूझकर किए गए एक्शन का परिणाम हो सकता है।
कॉकपिट रिकॉर्डिंग में फ्यूल स्विच का जिक्र
जुलाई 2025 में AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग का उल्लेख था, जिसमें एक पायलट दूसरे से पूछता सुनाई देता है – “तुमने फ्यूल क्यों बंद किया?” जिस पर जवाब आता है – “मैंने ऐसा नहीं किया।”
इटैलियन अखबार के मुताबिक, अब जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच मैन्युअली बंद किए गए, जिससे विमान की पावर चली गई और वह क्रैश हो गया। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें विमान सवार यात्री और मेडिकल छात्रों के हॉस्टल में मौजूद लोग भी शामिल थे।
जिम्मेदारी तय होना अभी बाकी
रिपोर्ट में कहा गया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पायलट-इन-कमांड कैप्टन सुमीत सभरवाल और को-पायलट क्लाइव कुंदर विमान उड़ा रहे थे। कैप्टन सभरवाल के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर उठे सवालों को उनके परिवार ने पहले ही खारिज किया है।
कोरिएरे डेला सेरा के अनुसार, फाइनल जांच रिपोर्ट में पायलटों के नियमित साइकोलॉजिकल मूल्यांकन और मानसिक स्वास्थ्य मॉनिटरिंग को लेकर सिफारिशें भी शामिल हो सकती हैं।



