Assam Elections 2026: मोदी की रैलियां vs प्रियंका की हुंकार, असम में किसका चलेगा जादू?
Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव के चलते राज्य में सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। चुनाव प्रचार अपने चरम पर है और बड़े नेता लगातार रैलियों के जरिए जनता को साधने में जुटे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने राज्य में दो अहम जनसभाओं को संबोधित करते हुए विकास और कनेक्टिविटी को चुनावी मुद्दा बनाया।
धेमाजी और बिस्वनाथ में आयोजित रैलियों में पीएम मोदी ने भाजपा-एनडीए सरकार के कामकाज को गिनाते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में असम की तस्वीर तेजी से बदली है। उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे प्रस्तावित अंडरवाटर टनल परियोजना का जिक्र करते हुए इसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ जैसे मुद्दों को भी उठाया।
दूसरी ओर कांग्रेस की तरफ से Priyanka Gandhi Vadra ने नाजिरा में रैली कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने असमिया पहचान को बचाने का वादा करते हुए जनता से कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की। प्रियंका गांधी ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप लगाए।
उन्होंने चाय बागान मजदूरों की स्थिति, महिलाओं को सरकारी योजनाओं से वंचित करने के आरोप और आदिवासी समुदायों को एसटी दर्जा न मिलने जैसे मुद्दों को भी जोर-शोर से उठाया। प्रियंका ने ‘डबल इंजन सरकार’ पर तंज कसते हुए इसे आम लोगों के हितों के खिलाफ बताया।
Also Read: Rajgir (Bihar): भारत-दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के बीच ‘नॉलेज पार्टनर’ की भूमिका निभाएगा सीएसईएएस
चुनाव के नजदीक आते ही असम में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विकास बनाम पहचान की इस लड़ाई में जनता किसे समर्थन देती है।
Written By: Kalpana Pandey


