adevertisment Adevertiisment banner

‘समाजवाद के नाम पर ‘परिवारवादी’ खा जाते थे गरीबों का हक’, छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में योगी का बड़ा बयान

UP News:  यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 28 लाख छात्रों के खातों में 3350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति ट्रांसफर की। कार्यक्रम में सपा पर भी साधा निशाना।

UP News: मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के लाखों छात्रों और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत दी। उन्होंने कक्षा 9-10 और दशमोत्तर के 27,99,982 विद्यार्थियों के बैंक खातों में 3350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि ट्रांसफर की। इसके साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 33,334 परिवारों को 100 करोड़ रुपये की सहायता भी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “समाजवाद के नाम पर परिवारवादियों ने गरीबों का हक खाया।” उन्होंने चेतावनी दी कि अब गरीबों के हक में डकैती डालने वालों को जेल जाना होगा और उनकी संपत्ति जब्त कर गरीबों में बांटी जाएगी।

सीएम योगी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति केवल संबल है, मंजिल नहीं। उन्होंने मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि परिश्रम के बिना लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।

सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव सभी वर्गों तक पहुंच रही

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकार ने 67 लाख छात्रों को 4800 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी है। सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव सभी वर्गों तक पहुंच रही हैं, जिसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग के गरीब और अल्पसंख्यक समुदाय शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों में छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार होता था और लाभार्थियों तक पूरी राशि नहीं पहुंच पाती थी। उन्होंने कहा कि अब तकनीक के उपयोग से एक क्लिक में सीधे लाभार्थियों के खातों में पैसा पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।

इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश में चल रही विभिन्न योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, अभ्युदय कोचिंग, मिशन रोजगार और सामूहिक विवाह योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button