Voting 2026 : असम में रिकॉर्ड 85.38% मतदान, पुडुचेरी में 90% के करीब वोटिंग; केरल में 49 साल का दूसरा बड़ा आंकड़ा

Voting 2026 : असम में 85.38% के साथ रिकॉर्ड मतदान, पुडुचेरी में 89.81% और केरल में 78.01% वोटिंग। जानें चुनाव के दौरान हिंसा और प्रमुख अपडेट।

Voting 2026 : नई दिल्ली: चुनाव आयोग के अनुसार गुरुवार को असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ। रात 8 बजे तक आए आंकड़ों के मुताबिक असम में 85.38 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान है।

केरल में 78.01 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछले 49 वर्षों में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा बताया जा रहा है। वहीं पुडुचेरी में 89.81 फीसदी वोटिंग हुई, जो करीब 90 प्रतिशत के स्तर तक पहुंच गई।

असम में झड़प, कई घायल

मतदान के दौरान असम के श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए। इस दौरान कुल मिलाकर लगभग 30 लोग घायल हुए और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुडुचेरी के मन्नादिपेट में भी पोलिंग बूथ पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच विवाद हुआ, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

नेताओं ने किया मतदान

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में पूजा करने के बाद मतदान किया। वहीं केरल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए के एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान करते नजर आए।

कितनी सीटों पर चुनाव

असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल में 140 सीटों के लिए 890 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है, जहां 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए मतदान हुआ।

उच्च मतदान प्रतिशत को लोकतंत्र के प्रति लोगों की बढ़ती भागीदारी का संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button