adevertisment Adevertiisment banner

भूटान नरेश तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने की अगवानी

नई दिल्ली। भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक भारत की तीन दिवसीय की यात्रा पर सोमवार को देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भूटान नरेश की अगवानी की। डॉ. जयशंकर शाम को भूटान नरेश से शिष्टाचार भेंट करेंगे। भूटान नरेश कल सुबह 10.45 बजे राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और फिर सवा 11 बजे सात लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

भूटान नरेश मंगलवार की शाम को ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और बुधवार की सुबह स्वदेश लौट जाएंगे।जयशंकर ने ट्विटर पर लिखा कि भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के भारत आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उनकी यात्रा भारत-भूटान की करीबी और अनूठी साझेदारी को और मजबूत करेगी। बता दें कि भूटान के राजा के साथ विदेश मंत्री डॉ. टांडी दोरजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आए हैं।

राजा जिग्मे की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित रूप से उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की लंबे समय से चली आ रही परंपरा को ध्यान में रखते हुए है। राजा जिग्मे वांगचुक की यात्रा भारत और भूटान दोनों को द्विपक्षीय सहयोग की पूरी श्रृंखला का मूल्यांकन करने का मौका देगी।

फरवरी 2023 में भूटान के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की थी मुलाकात

इससे पहले फरवरी 2023 में भूटान की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष वांगचुक नामग्याल के नेतृत्व में भूटान के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत दोनों देशों के बीच बहुमुखी और अद्वितीय मित्रता को गहराई से महत्व देता है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस साल भूटान सबसे कम विकसित देशों (एलडीसी) समूह के देशों से आगे निकल जाएगा और 2034 तक उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था बनने की राह पर चल पड़ेगा। बताते चलें कि भारत-भूटान संबंधों का मूल ढांचा दोनों देशों के बीच 1949 में हस्ताक्षरित मित्रता और सहयोग की संधि है, जिसे फरवरी 2007 में नवीनीकृत किया गया था। द्विपक्षीय संबंधों को दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान से आगे बढ़ाया गया है।

Related Articles

Back to top button