Bollywood News:आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ के दूसरे भाग का ऐलान, बाबा नीम करोली की कहानी पर होगी आधारित
Bollywood News: Sequel to the spiritual film ‘Hanuman Ansh’ announced.
Bollywood News:आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद इसके निर्माताओं ने फिल्म के दूसरे भाग की आधिकारिक घोषणा कर दी है। लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म इस साल की चर्चित सफल फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म के निर्माता विशाल चतुर्वेदी ने आगरा में दर्शकों से बातचीत के दौरान बताया कि ‘हनुमान अंश 2’ पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि फिल्म के अगले भाग में बाबा नीम करोली के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण अध्यायों को पर्दे पर उतारा जाएगा। कहानी उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से शुरू होकर आगरा, मथुरा और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचेगी।
तीन भागों में बनाई जा रही है फिल्म श्रृंखला
निर्माताओं ने 20 फरवरी 2026 को ‘हनुमान अंश’ की घोषणा करते हुए बताया था कि यह फिल्म तीन भागों वाली श्रृंखला का हिस्सा है। बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित यह फिल्म निर्माता विशाल चतुर्वेदी की पुस्तक ‘दिव्य डिटूर’ से प्रेरित है।
फिल्म में बाबा नीम करोली का किरदार अभिनेता शोभिनव सत्या ने निभाया है। उनके अलावा चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं। पहले भाग की सफलता के बाद अब दर्शकों की नजरें इसके अगले अध्याय पर टिक गई हैं।
दूसरे भाग में दिखेगी बाबा नीम करोली की आध्यात्मिक यात्रा
निर्माता विशाल चतुर्वेदी के अनुसार, फिल्म के दूसरे भाग में बाबा नीम करोली के जीवन, उनके आध्यात्मिक अनुभवों और समाज पर पड़े प्रभाव को विस्तार से दिखाया जाएगा। कहानी में उन स्थानों को भी प्रमुखता दी जाएगी, जो बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े रहे हैं।
फिल्म की टीम का मानना है कि पहले भाग की तरह दूसरा भाग भी दर्शकों को आध्यात्मिकता, आस्था और प्रेरणा से जोड़ने में सफल रहेगा। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट और कलाकारों से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



