लखीमपुर खीरी में CM योगी की बड़ी सौगात : थारू समाज के मुकदमे होंगे वापस, 817 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

लखीमपुर खीरी में CM योगी आदित्यनाथ ने थारू समाज के मुकदमे वापस लेने का ऐलान किया। 817 करोड़ की 314 परियोजनाओं का शुभारंभ और हजारों परिवारों को भूमि अधिकार पत्र वितरित।

Yogi Adityanath ने शनिवार को लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी (पलिया) में आयोजित कार्यक्रम में हजारों परिवारों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति और पूर्वी उत्तर प्रदेश से विस्थापित परिवारों को भूमि के मालिकाना हक देते हुए भौमिक अधिकार पत्र वितरित किए।

इस दौरान 2350 परिवारों और 4356 थारू जनजाति के परिवारों को जमीन का स्वामित्व प्रदान किया गया। साथ ही पलिया, श्रीनगर, निघासन और गोला गोकर्णनाथ क्षेत्रों में 817 करोड़ रुपये की 314 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि थारू समाज पर पूर्व में दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाएगा। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश में माफिया और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है।

सीएम योगी ने कहा कि यह पहल अधिकार से आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि दशकों से जमीन के अधिकार से वंचित परिवारों को अब न्याय मिल रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, आवास की चाबी और विभिन्न योजनाओं के तहत चेक भी वितरित किए। उन्होंने थारू समाज की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार थारू समाज को लाभार्थी से उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे उनके उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकें।

सीएम ने इन लाभार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। भौमिक अधिकार पत्र पाने वालों में बालकृष्ण, रामखेलावन, भज्जीराम, रामनरेश और रामकुमार शामिल रहे।

आंगनवाड़ी भर्ती के तहत ऊषा देवी, संध्या कुमारी और मीना कुमारी को नियुक्ति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बल्लू देवी, शीतल और बेबी को आवास की चाबी सौंपी गई।

इसके अलावा ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत अंशु गुप्ता, शिव गुप्ता और संस्कार अग्रवाल को चेक दिए गए। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और नाबार्ड योजना के लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button