Delhi Assembly security breach : ‘दिल्ली विधानसभा में घुसी तेज रफ्तार कार’, गेट तोड़ा और गुलदस्ता छोड़कर आरोपी फरार
Delhi Assembly security breach : दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, तेज रफ्तार कार ने गेट तोड़कर परिसर में एंट्री की। आरोपी सरबजीत सिंह को दो घंटे में गिरफ्तार किया गया, जांच जारी।
Delhi Assembly security breach : देश की राजधानी में स्थित दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश कर लिया। यह पूरी घटना करीब पांच मिनट में हुई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की एक कार तेज गति से आई और सीधे गेट से टकरा गई। जोरदार आवाज के साथ बैरिकेड टूट गया और कार अंदर घुस गई। उस समय वहां मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। रिक्शा चालक और राहगीर भी मौके पर जमा हो गए।
चौंकाने वाली बात यह रही कि कुछ ही देर बाद वही कार दोबारा लौटी और एक बार फिर गेट को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गई। इस दौरान आरोपी ने विधानसभा परिसर में एक गुलदस्ता भी छोड़ दिया, जिससे घटना और रहस्यमयी बन गई।
आरोपी कार सहित अरेस्ट
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर आरोपी को कार सहित पकड़ लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन उत्तर प्रदेश नंबर से रजिस्टर्ड है और चालक की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले उन्हें लगा कि यह कोई हादसा है, लेकिन जब कार दोबारा आई और गेट तोड़कर भागी, तब साफ हो गया कि यह घटना जानबूझकर अंजाम दी गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी और क्या इसमें कोई बड़ी साजिश शामिल है।



