Ayodhya News : गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव ने किया रामलला का दर्शन, भव्य अयोध्या की सराहना

Ayodhya News : गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन किए। वाल्मीकि एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ और राम मंदिर परिसर में करीब एक घंटे तक भ्रमण किया।

Ayodhya News :  दक्षिण अमेरिकी देश Guyana के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। अपने आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने राम मंदिर अयोध्या में विराजमान रामलला के दर्शन-पूजन किए और परिसर में बने अन्य मंदिरों में भी श्रद्धापूर्वक शीश नवाया।

उपराष्ट्रपति लगभग एक घंटे तक मंदिर परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और भव्य-नव्य अयोध्या की प्रशंसा की। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। रामनगरी के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वैभव को देखकर वे प्रफुल्लित नजर आए।

इससे पहले शनिवार सुबह डॉ. जगदेव निजी विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे। एयरपोर्ट पर शंखनाद और पारंपरिक नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।

स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और डीएम निखिल टीकाराम फुंडे समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के अनुसार, उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रहीं।

डॉ. भरत जगदेव की यह यात्रा भारत और गुयाना के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक एवं कूटनीतिक संबंधों का प्रतीक मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button