Holi 2026 : उत्तर रेलवे पूरी तरह तैयार, GM ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल का किया निरीक्षण

Holi 2026 : होली 2026 के लिए उत्तर रेलवे पूरी तरह तैयार। GM ने नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की।

Holi 2026 : होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, स्वच्छता और परिचालन व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री पुष्पेश रमन त्रिपाठी सहित मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान ट्रेनों के संचालन, होल्डिंग एरिया की व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की समीक्षा की।

यात्रियों ने सराही व्यवस्थाएं

महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में यात्रियों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया। यात्रियों ने बताया कि प्रवेश द्वारों पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित की गई है। टिकट काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ नहीं दिख रही। होल्डिंग एरिया (प्रतीक्षा क्षेत्र) सुव्यवस्थित हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित है। भारी भीड़ के बावजूद स्टेशन परिसर में स्वच्छता के बेहतर मानक बनाए रखे गए हैं।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर फोकस

महाप्रबंधक ने फुट ओवर ब्रिज (FOB), एस्केलेटर और प्लेटफॉर्म प्रवेश द्वारों पर कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने कहा, “प्रत्येक यात्री की गरिमा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए हम भीड़ के प्रवाह को नियंत्रित कर रहे हैं, ताकि त्योहारी यात्रा सुखद अनुभव बने।”

फ्रंटलाइन स्टाफ को निर्देश

महाप्रबंधक ने स्टेशन कर्मचारियों और आरपीएफ कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें सतर्क और संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से भीड़ प्रबंधन की निगरानी करने और यात्रियों को समय पर स्पष्ट सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उत्तर रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि होली के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए हर स्तर पर निगरानी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button