IAS Abhishek Prakash Reinstated: बहाली होते ही योगी सरकार ने आईएएस अभिषेक प्रकाश को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
IAS Abhishek Prakash Reinstated: रिश्वत मामले में एक साल पहले निलंबित किए गए आईएएस अभिषेक प्रकाश को यूपी सरकार ने बहाल कर सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी।
IAS Abhishek Prakash: उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब एक साल से निलंबित चल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी Abhishek Prakash को सेवा में बहाल कर दिया है। सरकार ने उन्हें सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में शासन की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आईएएस अभिषेक प्रकाश को पिछले वर्ष मार्च में रिश्वत से जुड़े एक मामले में निलंबित कर दिया गया था। अब निलंबन की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा प्रशासनिक सेवा में वापस लिया गया है। शासन के नियुक्ति अनुभाग-5 द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उनकी निलंबन अवधि 14 मार्च तक मानी जाएगी और 15 मार्च से उन्हें सेवा में बहाल करने का निर्णय लिया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बहाली के बावजूद उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। यानी सेवा में वापसी के बाद भी मामले की जांच प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, अभी तक आईएएस अभिषेक प्रकाश ने अपने नए पद का औपचारिक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में प्रशासनिक हलकों में इस बात को लेकर चर्चा बनी हुई है कि वह कब अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रदेश में लंबे समय बाद किसी वरिष्ठ अधिकारी की बहाली और नई नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।



