India Bangladesh Relations : ‘भारत–बांग्लादेश संबंध साझा विरासत’, बांग्लादेश के स्वतंत्रता दिवस पर बोले कीर्ति वर्धन सिंह

India Bangladesh Relations : नई दिल्ली में बांग्लादेश के स्वतंत्रता दिवस पर किर्ति वर्धन सिंह ने भारत–बांग्लादेश संबंधों को साझा विरासत और विश्वास का प्रतीक बताया, सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर।

India Bangladesh Relations : नई दिल्ली में बांग्लादेश के 56वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर भारत ने दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दोहराया। विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बांग्लादेश उच्चायोग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति और भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित हैं। उन्होंने वर्ष 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम को दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत नींव बताया।

कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि यह स्वतंत्रता दिवस आत्मनिर्णय, साहस और बलिदान का प्रतीक है, जिसने भारत–बांग्लादेश संबंधों को नई दिशा दी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों की साझेदारी हमेशा जन-केंद्रित रही है। रेल, सड़क और जलमार्ग संपर्क को बढ़ाने, ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने और व्यापार को आसान बनाने जैसे कदमों से दोनों देशों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

राज्यमंत्री ने बताया कि सीमा-पार परियोजनाएं, विकास सहयोग और क्षमता निर्माण कार्यक्रम दोनों देशों की साझा प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं और समावेशी विकास को बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में हुई हालिया दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने बांग्लादेश की नई सरकार का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर अपने संबंधों को और मजबूत करेंगे। भारत लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ रचनात्मक संवाद को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

अंत में, उन्होंने बांग्लादेश के स्वतंत्रता दिवस पर देश की शांति, स्थिरता और समृद्धि की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button