India Seychelles MOU : भारत ने सेशेल्स के लिए खोला सहयोग का खजाना, 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान
India Seychelles MOU : भारत-सेशेल्स संबंधों को नई मजबूती। प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज का किया ऐलान, कई क्षेत्रों में होगा सहयोग।
India Seychelles MOU : भारत और सेशेल्स के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स को 175 मिलियन अमेरिकी डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। यह घोषणा हैदराबाद हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच हुए महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर के दौरान की गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति को पदभार संभालने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी पहली भारत यात्रा है और यह ऐसे ऐतिहासिक वर्ष में हो रही है, जब सेशेल्स अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि एक समुद्री पड़ोसी और विश्वसनीय साझेदार के रूप में सेशेल्स भारत के हिंद महासागर विजन का अहम हिस्सा है। दोनों देशों का सहयोग जल, थल और नभ तक फैला है। आर्थिक सहयोग को और सशक्त बनाने के लिए लोकल करेंसी में व्यापार, फिनटेक और डिजिटल सॉल्यूशन को बढ़ावा देने पर सहमति बनी है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि 175 मिलियन डॉलर का यह पैकेज सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, वोकेशनल ट्रेनिंग, स्वास्थ्य, रक्षा और मैरिटाइम सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को समर्थन देगा। साथ ही सेशेल्स के सिविल सेवकों के भारत में प्रशिक्षण के लिए भी एमओयू किया गया है।
ब्लू इकोनॉमी को स्वाभाविक सहयोग का क्षेत्र बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत समुद्री अनुसंधान, क्षमता निर्माण और डेटा साझाकरण में अपनी विशेषज्ञता सेशेल्स के साथ साझा करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर न सिर्फ द्विपक्षीय रिश्तों को, बल्कि हिंद महासागर के साझा भविष्य को भी आकार देंगे।



