West Asia crisis : दिल्ली-मैनचेस्टर इंडिगो फ्लाइट ने हवा में लिया यू-टर्न, 7 घंटे बाद लौटनी पड़ी

West Asia crisis : वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E033 को एयरस्पेस बंद होने के कारण हवा में ही यू-टर्न लेना पड़ा और करीब 7 घंटे बाद दिल्ली लौटना पड़ा।

West Asia crisis : वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ने लगा है। सोमवार को IndiGo की दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही फ्लाइट को हवा में ही यू-टर्न लेना पड़ा और करीब सात घंटे उड़ान भरने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक फ्लाइट 6E033 New Delhi से Manchester के लिए रवाना हुई थी। लेकिन वेस्ट एशिया क्षेत्र में अचानक एयरस्पेस पर रोक लगने की वजह से विमान को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।

अफ्रीका के ऊपर से लौटाई गई फ्लाइट

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार विमान Ethiopia और Eritrea की सीमा के पास उड़ान भर रहा था, तभी उसे वापस लौटने का निर्देश दिया गया। इसके बाद विमान ने हवा में ही यू-टर्न लिया और भारत की ओर लौट गया।

एयरस्पेस बंद होने से बदले रूट

इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि वेस्ट एशिया और उसके आसपास के इलाकों में बदलते हालात के कारण कई उड़ानों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है या उनका रूट बदला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही फ्लाइट को “आखिरी मिनट में एयरस्पेस पर लगी रोक” के कारण अपने मूल स्थान पर वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन अब संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर उड़ान दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर काम कर रही है।

एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है।

वेस्ट एशिया तनाव से प्रभावित उड़ानें

दरअसल, Iran और Israel के बीच जारी संघर्ष के बाद क्षेत्र में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। इस संकट में United States भी शामिल हो गया है, जिसके बाद कई देशों ने सुरक्षा कारणों से अपने एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों के बाद हालात और ज्यादा संवेदनशील हो गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट प्रभावित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button