‘होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा, खून का बदला लेंगे’, ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की अमेरिका-इजराइल को चेतावनी

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट बंद रखने और मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही।

तेहरान। मुज्तबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि ईरान अपने नागरिकों और शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है।

सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित अपने पहले संदेश में खामेनेई ने कहा कि ईरान अपने शहीदों, खासकर मिनाब में मारे गए लोगों की कुर्बानी को नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि हर ईरानी की मौत का हिसाब लिया जाएगा और देश की सुरक्षा के लिए सेना पूरी मजबूती से खड़ी है।

ईरान के नए सुप्रीम लीडर ने पड़ोसी देशों से भी अपील की कि वे अपनी जमीन से अमेरिकी सैन्य मौजूदगी को हटाएं। उनका कहना था कि ईरान ने पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बनाया, बल्कि उन स्थानों पर स्थित अमेरिकी ठिकानों पर कार्रवाई की है, जहां से ईरान पर हमले किए गए।

खामेनेई ने यह भी कहा कि अगर दुश्मन नुकसान की भरपाई नहीं करता है तो ईरान आवश्यक कदम उठाएगा। इसमें दुश्मन की संपत्तियों पर कब्जा करने या उन्हें नष्ट करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

उन्होंने क्षेत्रीय “रेजिस्टेंस फ्रंट” का भी आभार जताया और कहा कि हिजबुल्लाह और इराकी प्रतिरोध बलों ने कठिन परिस्थितियों में भी ईरान का समर्थन किया है।

गौरतलब है कि अमेरिका-इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद यह मुज्तबा खामेनेई का पहला आधिकारिक बयान है, जिसे ईरानी सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाया गया। हालांकि इस दौरान वे कैमरे पर दिखाई नहीं दिए।

Related Articles

Back to top button