69,000 Teacher Recruitment-69000 शिक्षक भर्ती को लेकर फिर गरमाया मामला, शिक्षा मंत्री के आवास पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

69,000 Teacher Recruitment-उत्तर प्रदेश की 69000 शिक्षक भर्ती का विवाद एक बार फिर चर्चा में है। भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने शनिवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा किए जाने की आवाज उठाई।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी रजनीश वर्मा ने अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने मंगलवार तक उनकी मुलाकात बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को रोडवेज बस के माध्यम से ईको गार्डन स्थित धरना स्थल भेज दिया।

विभाग के हलफनामे पर अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल

प्रदर्शन में शामिल इरशाद अहमद और यशवंत कुमार ने कहा कि 21 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हलफनामा दाखिल किया गया था। अभ्यर्थियों का कहना है कि हलफनामे में दिए गए आंकड़ों से वे संतुष्ट नहीं हैं।

अभ्यर्थियों के अनुसार, विभाग की ओर से कुल 8,270 पदों का आंकड़ा सूची के साथ प्रस्तुत किया गया है। इसमें 3,324 पद ओबीसी वर्ग से जुड़े बताए गए हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इन पदों पर पहले ही नियुक्ति हो जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

इसके अलावा 4,946 पदों का भी उल्लेख किया गया है। अभ्यर्थियों के मुताबिक विभाग ने बताया है कि इन पदों से संबंधित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया।

मेरिट नीचे ले जाने की मांग

अभ्यर्थियों का सवाल है कि जिन अभ्यर्थियों ने नियुक्ति के बावजूद ज्वाइन नहीं किया, उनके नाम अब तक सूची में क्यों बने हुए हैं। उनका कहना है कि ऐसे पदों को रिक्त मानते हुए मेरिट को नीचे तक ले जाया जाए, ताकि अन्य पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि विभागीय हलफनामे में सामान्य वर्ग के 1,144, ओबीसी के 2,524, एससी के 1,244 और एसटी के 34 पद रिक्त बताए गए हैं।

अभ्यर्थियों ने सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग से भर्ती से संबंधित सभी लंबित मामलों का समाधान करने तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे मौजूद

प्रदर्शन में अनंत यादव, भोला अंबेडकर, धर्मवीर प्रसाद प्रजापति, आशुतोष पटेल, नजमा, अर्चना, शिखा मौर्या, किरन यादव, अर्चना मौर्य, संदीप सिंह समेत कई अभ्यर्थी शामिल रहे। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Read Also-Pratapgarh News-विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कैंप कार्यालय पर की जनसुनवाई, अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Related Articles

Back to top button