Kareena Kapoor Parenting Tips: ‘मैं नहीं चाहती कि मेरे बच्चे सिर्फ स्मार्ट हों’, बच्चों की परवरिश पर करीना कपूर की खास सीख

करीना कपूर खान ने बताया कि बच्चों के अच्छे नंबरों से ज्यादा उनका अच्छा चरित्र, दयालुता और आत्मविश्वास जरूरी है।

Kareena Kapoor Parenting Tips: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ पेरेंटिंग को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। दो बेटों तैमूर अली खान और जेह अली खान की मां करीना का मानना है कि बच्चों को केवल पढ़ाई में तेज या स्मार्ट बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें एक अच्छा इंसान बनाना सबसे ज्यादा जरूरी है।

हाल ही में अपने विचार साझा करते हुए करीना कपूर ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनके बच्चे सिर्फ स्मार्ट हों। उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि उनके बच्चे दयालु (Kind) बनें, दूसरों की भावनाओं का सम्मान करें और उन लोगों को भी अपनाएं जो उनसे अलग हैं।

करीना ने कहा, “मैं चाहती हूं कि मेरे बच्चे अपनी आवाज तब भी उठाएं, जब उन्हें डर लग रहा हो। वे अपने विश्वास पर कायम रहें, चाहे दुनिया उनका मजाक ही क्यों न उड़ाए।” उनका मानना है कि आत्मविश्वास और सही बात के लिए खड़े होने का साहस बच्चों में बचपन से विकसित होना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे नंबर, नौकरी और ट्रॉफियां समय के साथ बदल जाती हैं, लेकिन अच्छा चरित्र हमेशा इंसान के साथ रहता है। इसलिए बच्चों में दयालुता, ईमानदारी और संवेदनशीलता जैसे गुण विकसित करना बेहद जरूरी है।

करीना के मुताबिक, माता-पिता को बच्चों पर केवल पढ़ाई और करियर का दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें यह भी सिखाना चाहिए कि दूसरों का सम्मान कैसे किया जाता है, जरूरतमंदों की मदद कैसे की जाती है और हर परिस्थिति में सही फैसले कैसे लिए जाते हैं।

Lifestyle Update: सावन में ग्रीन आउटफिट के साथ पहनें ये 7 तरह की जूलरी, हर कोई करेगा आपके लुक की तारीफ

एक्ट्रेस ने बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि हर बच्चे को अपने फैसले खुद लेने और उनके परिणामों की जिम्मेदारी उठाना सीखना चाहिए। जीत और हार दोनों जिंदगी का हिस्सा हैं, इसलिए सफलता मिलने पर विनम्र रहना और असफलता से सीखकर आगे बढ़ना ही असली सीख है।

करीना कपूर का यह भी मानना है कि पेरेंटिंग का कोई तय फॉर्मूला नहीं होता। हर बच्चा अलग होता है, इसलिए उसकी परवरिश भी उसकी जरूरत, स्वभाव और परिस्थितियों के अनुसार होनी चाहिए। माता-पिता को दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने बच्चे की खूबियों को पहचानना चाहिए।

करीना कपूर की यह सोच उन माता-पिता के लिए एक अहम संदेश है जो अपने बच्चों का बेहतर भविष्य चाहते हैं। उनके अनुसार, अगर बच्चों में अच्छे संस्कार, दयालुता, आत्मविश्वास और मजबूत चरित्र विकसित किया जाए, तो वे न केवल सफल बल्कि एक बेहतर इंसान भी बनेंगे।

Related Articles

Back to top button