Varanasi News : काशी विश्वनाथ धाम में रामनवमी पर विशेष अनुष्ठान, हवन-पूजन के साथ रामलला सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण

Varanasi News : काशी विश्वनाथ धाम में रामनवमी पर हवन, कलश पूजन, कन्या पूजन और रामदरबार पूजा संपन्न। अयोध्या से रामलला के सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण दिखाया गया।

Varanasi News : वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र नवरात्रि की नवमी और रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिर न्यास की ओर से हवन, कलश पूजन, कन्या पूजन और रामदरबार की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

मंदिर परिसर में शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार हवन कुंड का निर्माण कर विद्वान आचार्यों ने विधिवत हवन कराया। इस दौरान “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भी हवन में आहुति देकर अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर देवी स्वरूप स्थापित कलश का पूजन किया गया और इसके बाद कन्या पूजन का आयोजन हुआ। मंदिर न्यास द्वारा कन्याओं का विधिवत स्वागत कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई, दक्षिणा दी गई और भोजन कराया गया।

रामनवमी के उपलक्ष्य में मंदिर में रामदरबार – भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की विशेष पूजा भी संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

धाम में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अयोध्या से रामलला के दिव्य ‘सूर्य तिलक’ का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरा परिसर भक्ति व उल्लास से भर उठा।

पूरे दिन मंदिर में भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। मंदिर न्यास ने इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button