Varanasi News : काशी विश्वनाथ मंदिर अन्नक्षेत्र में LPG संकट की खबरों का खंडन, न्यास ने कर्मचारी के बयान को बताया भ्रामक
Varanasi News : काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने अन्नक्षेत्र में LPG की कमी और भोजन घटाने की खबरों का खंडन किया है।
Varanasi News : काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े अन्नक्षेत्र में एलपीजी की कमी और श्रद्धालुओं के लिए भोजन घटाए जाने की खबरों को मंदिर न्यास ने सिरे से खारिज कर दिया है। न्यास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस तरह की जानकारी भ्रामक और तथ्यहीन है।
न्यास के अनुसार 11 मार्च को अन्नक्षेत्र में कार्य करने वाले एक कर्मचारी रवि ने मीडिया से बातचीत में एलपीजी की कमी और भोजन वितरण प्रभावित होने की बात कही थी। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्ति केवल एक सामान्य कार्यकर्ता है और उसका अन्नक्षेत्र की ओर से कोई अधिकृत प्रतिनिधित्व या आधिकारिक दायित्व नहीं है।
न्यास ने कहा कि कर्मचारी को इस विषय पर बयान देने का न तो अधिकार था और न ही उसे वास्तविक स्थिति की पूरी जानकारी थी। ऐसे में उसका वक्तव्य पूरी तरह निराधार है। संभव है कि उसने कैमरे के सामने बोलने के उत्साह या असावधानी में यह टिप्पणी कर दी हो।
मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्नक्षेत्र की रसोई व्यवस्था और भोजन वितरण सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। इस संबंध में पहले ही न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
न्यास ने मीडिया संस्थानों और आम लोगों से अपील की है कि किसी अनधिकृत व्यक्ति के बयान के आधार पर भ्रम या सनसनी की स्थिति न बनाई जाए। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था पहले की तरह सुचारु रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
गौरतलब है कि वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के साथ अन्नक्षेत्र में प्रसाद ग्रहण करते हैं।



