Lucknow News : महापौर सुषमा खर्कवाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
Lucknow News: महापौर सुषमा खर्कवाल ने रक्षा मंत्री और सांसद राजनाथ सिंह से दिल्ली में मुलाकात कर लखनऊ के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की।
नई दिल्ली/लखनऊ। लखनऊ के विकास को लेकर शनिवार को दिल्ली में एक अहम शिष्टाचार भेंट हुई। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात कर शहर में चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
इस मुलाकात के दौरान महापौर ने लखनऊ में संचालित विभिन्न आधारभूत ढांचा परियोजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात सुधार, नागरिक सुविधाओं और नगर विकास से जुड़े कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी रक्षा मंत्री को दी। साथ ही, भविष्य में लखनऊ के समग्र और सतत विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहर की बढ़ती आबादी और शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से सहयोग की आवश्यकता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से लखनऊ को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
राजनाथ सिंह ने की विकास कार्यों की सराहना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास कार्यों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ के समग्र विकास के लिए सभी आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री का मार्गदर्शन और समर्थन लखनऊ में चल रही विकास परियोजनाओं को नई दिशा देगा। जनप्रतिनिधियों के बीच हुए इस संवाद को शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



