Mahashivratri 2026 : काशी विश्वनाथ धाम में सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां, भजन से शिवमय हुआ परिसर
Mahashivratri 2026 : महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत काशी विश्वनाथ धाम में चार दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, सरोद वादन, कथक नृत्य और भजन संध्या से भक्तिमय हुआ धाम परिसर।
Mahashivratri 2026 : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत मंगलवार को द्वितीय दिवस की सांस्कृतिक संध्या भक्ति, संगीत और नृत्य के अनुपम संगम के साथ भव्य रूप से संपन्न हुई। धाम परिसर में मौजूद श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिष्ठित सरोद वादक अंशुमान महाराज के मनोहारी सरोद वादन से हुई। उनकी साधनापूर्ण और भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। इसके बाद सुप्रसिद्ध कथक कलाकार पंडित रविशंकर मिश्र ने शास्त्रीय कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उनके भाव, लय और ताल के सटीक समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या की अंतिम प्रस्तुति में सुश्री अंशिका सिंह की भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। शिव भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा काशी विश्वनाथ धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का सशक्त और प्रभावी संचालन सुश्री मीनाक्षी दीक्षित ने किया। यह सांस्कृतिक संध्या केवल कला का मंचन नहीं, बल्कि काशी की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध विरासत का जीवंत उदाहरण बनी।
महोत्सव के आगामी दिनों में भी विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



