मऊ। 75 दिनों से मनरेगा मजदूरी लंबित, रोजगार सेवकों को 8 माह से नहीं मिला मानदेय; कांग्रेस ने उठाई आवाज
मऊ। जनपद में मनरेगा मजदूरों और रोजगार सेवकों के भुगतान में हो रही भारी देरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मऊ ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ के नाम संबोधित एक ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी, विकास भवन मऊ को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश भर में लगभग एक करोड़ मनरेगा मजदूरों की मजदूरी पिछले 75 दिनों से लंबित है, जिससे करीब दो हजार करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है। इसके चलते मजदूरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं, जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लगभग 40 हजार रोजगार सेवकों को भी पिछले 8 महीनों से मानदेय नहीं मिला, जिससे उनकी स्थिति भी अत्यंत दयनीय हो गई है।
इसके अतिरिक्त गैस उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति में भी भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी मऊ के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही के कारण मजदूरों और रोजगार सेवकों को समय पर उनका हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। साथ ही गैस आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल सुचारू करने की भी मांग की गई है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Also Read: Health News: ठाणे अस्पताल में लापरवाही का आरोप: ICU में भर्ती बुजुर्ग महिला को चूहे ने कुतरा, मौत
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, महेन्द्र सोनकर, कैलाश चौहान, उदयभान राय, शिवाजी कन्नौजिया, अशोक राय, हफिजुर्रहमान अंसारी, मनोज गिहार, ओमनारायण शर्मा, सुरेश राजभर, हरिश्चंद्र, परशुराम यादव, सुहेल एडवोकेट, सतिराम यादव, गौरीशंकर पाण्डेय, अमृतमल, संजय चौहान, चम्पा भारद्वाज, सरोज पांडेय, हिरामणी यादव, उर्मिला यादव, अरविंद यादव, आशीष राय, अमरेश यादव, रामजन्म राजभर सहित कई लोग शामिल रहे।
जिला संवाददाता — एक संदेश, मऊ



