Meghalaya coal mine blast : मेघालय में अवैध कोयला खदान में धमाका, 16 मजदूरों की मौत, कई फंसे
Meghalaya coal mine blast : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खदान में धमाका, 16 मजदूरों की मौत, कई घायल और फंसे। डायनामाइट विस्फोट से मचा हड़कंप, SDRF ने संभाला मोर्चा।
Meghalaya coal mine blast : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के घायल और खदान के भीतर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में धमाके का कारण डायनामाइट विस्फोट बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना थांगस्कू इलाके में स्थित एक संदिग्ध अवैध कोयला खदान में हुई। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
सात शव बरामद, गंभीर रूप से झुलसा मजदूर शिलांग रेफर
पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अब तक खदान से सात मजदूरों के शव निकाले जा चुके हैं। वहीं एक मजदूर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि खदान के अंदर कितने लोग फंसे हैं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
अवैध खनन के दौरान हुआ विस्फोट
पुलिस का कहना है कि खदान में अवैध रूप से कोयला खनन किया जा रहा था और इसी दौरान डायनामाइट के इस्तेमाल से विस्फोट हुआ। हालांकि, धमाके के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने वर्ष 2014 में मेघालय में पर्यावरणीय नुकसान और मजदूरों की सुरक्षा को देखते हुए रैट-होल कोयला खनन पर प्रतिबंध लगाया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखा है, इसके बावजूद राज्य में अवैध खनन की घटनाएं सामने आती रही हैं।



