adevertisment Adevertiisment banner

मिर्जापुर: संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में लगी आग, बालक समेत चार झुलसे

मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र के मवई खुर्द गांव में गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में पक्के मकान में आग लगने से चार वर्षीय बालक समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे सभी लोगों को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में भर्ती करवाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर उपचार हेतु मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।

मवई कलां गांव निवासी अशोक पाल के पक्के मकान में गुरुवार की देर रात दो बजे के करीब संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई जिससे मकान के भीतर सो रही अशोक पाल की पत्नी गीता 40, प्रीति 22 पुत्री अशोक पाल, प्रीति का चार वर्षीय पुत्र व शिव बाबू 17 पुत्र अशोक पाल गंभीर रूप से झुलस गए।

घर में आग की लपटे उठती देखकर सो रहे परिजनों की नींद खुली और बचाने के लिए चीख पुकार करने लगे चीख पुकार सुनकर अगल बगल के लोग आग से बचाने के लिए दौड़ पड़े और किसी तरह से आग से घिरे सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मकान के भीतर सो रहे बालक समेत चारों लोग गंभीर रूप से झुलस चुके थे।

ग्रामीणों ने डिब्बा बाल्टी में पानी लेकर आग पर किसी तरह से काबू पाया लेकिन तब तक आग से मकान के भीतर रखा गृहस्थी का रखा सामान जलकर राख हो गया। गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को बेहतर उपचार हेतु चिकित्साधिकारी ने मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। घायलों में प्रीति की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button