Navjot Kaur Sidhu Congress Exit: क्या सिद्धू परिवार के लिए फिर खुलेंगे BJP के दरवाजे?
Navjot Kaur Sidhu Congress Exit : पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सिद्धू परिवार सुर्खियों में है।
Navjot Kaur Sidhu Congress Exit : पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सिद्धू परिवार सुर्खियों में है। कांग्रेस से निलंबन के बाद पार्टी छोड़ने वाली नवजोत कौर सिद्धू को लेकर अब राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव भूपेश बघेल द्वारा पार्टी से निष्कासन की घोषणा और इसके बाद नवजोत कौर की तीखी प्रतिक्रिया ने कांग्रेस के भीतर जारी कलह को सार्वजनिक कर दिया है।
नवजोत कौर सिद्धू ने भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, पर सीधा हमला बोला। उनके इस बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या नवजोत सिंह सिद्धू भी कांग्रेस से दूरी बना सकते हैं और क्या सिद्धू परिवार की बीजेपी में वापसी संभव है।
500 करोड़ वाले बयान से शुरू हुआ विवाद
दिसंबर में नवजोत कौर ने कांग्रेस में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा था कि “जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा बन जाता है।” उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पति तभी सक्रिय राजनीति में लौटेंगे, जब उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाएगा। इस बयान ने कांग्रेस नेतृत्व को असहज कर दिया और इसके बाद उनका निलंबन हुआ।
कांग्रेस नेतृत्व से खुली टकराहट
पिछले कुछ महीनों से नवजोत कौर और नवजोत सिंह सिद्धू, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। जनवरी में नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस नेतृत्व पर भ्रष्टाचार और अंदरूनी साजिश के आरोप लगाए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की तारीफ की। इसी से बीजेपी में वापसी की अटकलों को हवा मिली।
बीजेपी से कांग्रेस तक का सफर
सिद्धू दंपति ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बीजेपी से की थी। नवजोत कौर 2012 में अमृतसर पूर्व से विधायक बनीं और SAD-BJP सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रहीं। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू तीन बार अमृतसर से बीजेपी सांसद रहे।
हालांकि बाद में फंड वितरण, भ्रष्टाचार और ड्रग्स मुद्दे पर मतभेदों के चलते दोनों ने बीजेपी से दूरी बना ली और अंततः 2017 से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए।
अमरिंदर सिंह से टकराव और राजनीतिक गिरावट
कांग्रेस में आने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू और तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच टकराव बढ़ता गया। 2019 में सिद्धू ने कैबिनेट से इस्तीफा दिया। 2021 में उन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी हार ने उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर कर दी।
क्या कांग्रेस से बाहर जाएंगे नवजोत सिंह सिद्धू?
नवजोत कौर सिद्धू का कांग्रेस नेतृत्व पर ताजा हमला इस ओर इशारा करता है कि नवजोत सिंह सिद्धू भी नए राजनीतिक विकल्प तलाश सकते हैं। हालांकि फिलहाल सिद्धू कांग्रेस में बने हुए हैं, लेकिन मौजूदा हालात में यह साफ है कि पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी मोड़ आ सकता है।



