Navratri 2026 : काशी विश्वनाथ मंदिर में कन्या पूजन, श्रद्धालु सेवा के लिए कार्मिकों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Navratri 2026 : चैत्र नवरात्रि 2026 के अवसर पर वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया गया। साथ ही मंदिर न्यास ने श्रद्धालु सेवा सुधार के लिए कार्मिकों को व्यवहार, तनाव प्रबंधन व सेवा कौशल का प्रशिक्षण दिया।

Navratri 2026 : काशी विश्वनाथ मंदिर में चैत्र नवरात्रि का पर्व इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है, जिसमें कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन और सम्मान किया जाता है।

नवरात्रि के सप्तमी दिवस पर मंदिर में दर्शन के लिए आईं कन्याओं का मंदिर के शास्त्रियों द्वारा विधिवत स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान एक श्रद्धालु के अनुरोध पर उनकी ओर से दी गई राशि से कन्याओं को दक्षिणा प्रदान की गई। साथ ही श्रद्धालु ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

इसी के साथ मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंदिर प्रशासन और प्रबंधन से जुड़े सभी कार्मिकों के लिए व्यवहार प्रशिक्षण का प्रथम सत्र आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शास्त्री, अर्चक, सुरक्षा कर्मी, दर्शन सहायक, स्वच्छता एजेंसी के सुपरवाइजर और कार्यालय कर्मचारी शामिल हुए। सत्र के दौरान श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार, क्रोध नियंत्रण, तनाव प्रबंधन और व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में संतुलन बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

मंदिर न्यास का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम, व्यवस्थित और सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है। न्यास ने यह भी दोहराया कि वह श्रद्धालु सम्मान और सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

Related Articles

Back to top button