Pratapgarh News: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की सुनी समस्याएं
Pratapgarh News: Member of the State Women's Commission held a public hearing and listened to the grievances of aggrieved women.
Pratapgarh News:उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने विकास भवन सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान 16 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। आयोग सदस्य ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर शोषण, संपत्ति विवाद, मानसिक उत्पीड़न, पेंशन तथा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने जैसी समस्याएं सामने रखीं। प्रतिभा कुशवाहा ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए महिला आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण के बाद फॉलोअप कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से पीड़ित महिला को डरने की आवश्यकता नहीं है। कानून महिलाओं के साथ है और महिला आयोग हर पीड़ित महिला की सहायता के लिए खड़ा है। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए अपने अधिकारों के लिए सजग रहने का आह्वान किया।
जनसुनवाई के बाद महिला आयोग की सदस्य ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं की सुरक्षा, समस्याओं और कल्याण से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और जरूरतमंद लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी रन बहादुर वर्मा, विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



