Pratapgarh News-प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: जर्जर मकान गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Pratapgarh News – Tragic incident in Pratapgarh: 6 members of the same family killed after a dilapidated house collapsed.

Pratapgarh News-उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के महुली गांव में बुधवार देर रात एक जर्जर मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे और मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया।

इस हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), रीता (55), नितिन (25), माधुरी (23), एक वर्षीय माधव और 10 माह के अद्विक उर्फ बाबू की जान चली गई। वहीं परिवार का सदस्य अमन (28) सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की सूचना मिलने पर प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण और प्रयागराज रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कानूनी कार्रवाई और राहत कार्यों को संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

पुलिस के अनुसार, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

रिपोर्ट-उमेश पाण्डेय

Read Also-New Delhi:भारत-केन्या साझेदारी को नई मजबूती, नैरोबी एग्री-फूड समिट में 650 भारतीय प्रतिनिधियों की भागीदारी

Related Articles

Back to top button