College Firing : छात्र ने महिला सहपाठी को गोली मारी, फिर खुद को भी मारी गोली; CCTV से सामने आया पूरा घटनाक्रम
College Firing : पंजाब के तरन तारन स्थित लॉ कॉलेज में छात्र ने महिला सहपाठी को गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली मारी। CCTV फुटेज से सामने आया पूरी घटना का क्रम।
College Firing : पंजाब के तरन तारन जिले में स्थित एक प्राइवेट लॉ कॉलेज में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फर्स्ट ईयर के एक लॉ छात्र ने अपनी महिला क्लासमेट को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
हमलावर की पहचान मल्लियां गांव निवासी प्रिंस राज (20) के रूप में हुई है, जबकि मृतक छात्रा संदीप कौर (20) नौशेरा पन्नुआं की रहने वाली थी। घटना उस समय हुई जब क्लास शुरू होने में कुछ ही मिनट बाकी थे।
CCTV फुटेज में क्या दिखा?
कॉलेज के क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो के अनुसार, लेक्चर शुरू होने से पहले प्रिंस राज और संदीप कौर एक साथ क्लास में मौजूद थे।
शुरुआत में संदीप, प्रिंस राज से दूरी बनाते हुए क्लासरूम के आगे बैठे छात्रों के समूह के पास चली जाती है। कुछ देर बाद प्रिंस राज भी उसके पीछे जाता है और दोनों के बीच बातचीत होती है। इसी दौरान एक तीसरा क्लासमेट आता है और प्रिंस राज के साथ आखिरी बेंच पर बैठ जाता है।
कुछ ही देर बाद वही छात्र संदीप कौर को भी पीछे बुलाता है। संदीप और तीसरा छात्र आखिरी बेंच पर बैठ जाते हैं, जबकि प्रिंस राज उनके आगे वाली बेंच पर बैठता है। तीनों को सामान्य बातचीत करते हुए देखा जा सकता है।
तीन सेकंड में बदल गया सब कुछ
CCTV फुटेज में आगे दिखता है कि अचानक प्रिंस राज उठता है और अपने बैग से एक पिस्तौल निकालता है। महज तीन सेकंड के भीतर वह पहले संदीप कौर को गोली मारता है और फिर खुद को भी गोली मार लेता है। तीसरा छात्र यह सब देख कर दहशत में आ जाता है।
गोली की आवाज सुनकर अन्य छात्र क्लासरूम में दाखिल होते हैं, लेकिन संदीप और प्रिंस राज को ज़मीन पर लहूलुहान देखकर सभी घबराकर बाहर भाग जाते हैं। इसके बाद वीडियो क्लिप समाप्त हो जाती है।
‘दोस्ती का एंगल’ जांच के केंद्र में
तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में*‘दोस्ती का एंगल’ मुख्य जांच बिंदु है। दोनों छात्रों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं, ताकि उनके संबंधों और घटना से पहले की बातचीत का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी सामान्य दिन की तरह कॉलेज गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
उन्होंने पूछा, “एक छात्र शिक्षण संस्थान के अंदर हथियार कैसे ले जा सकता है? क्या कॉलेज में कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी?”
हरजिंदर कौर एक विधवा हैं और अपने परिवार की इकलौती कमाने वाली थीं।



