मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सरकार के नववर्ष 2026 कैलेंडर का किया विमोचन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सरकार के नववर्ष 2026 कैलेंडर का विमोचन किया, सूचना विभाग के प्रयासों की सराहना की।
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रकाशित नववर्ष 2026 के आधिकारिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैलेंडर के आकर्षक डिजाइन, उच्च गुणवत्ता वाले मुद्रण और विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि यह कैलेंडर राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित यह कैलेंडर केवल तिथियों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की विकास यात्रा, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि कैलेंडर में राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों को रचनात्मक और सुसंगठित रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे जनता को सरकार के प्रयासों की स्पष्ट जानकारी मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना विभाग राज्य सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। विभाग द्वारा किए जा रहे संचार प्रयासों से सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी सूचना विभाग नवीन तकनीकों, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से जनहितकारी सूचनाओं का व्यापक और प्रभावी प्रसार करता रहेगा।
सीएम ने दी टीम को बधाई
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग की टीम को इस उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करते हैं, बल्कि जनता का सरकार पर विश्वास भी बढ़ाते हैं।
यह भी पढ़ें – KGMU विवाद : महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की भूमिका पर उठे सवाल, प्रशासन से टकराव के बाद बढ़ा बवाल
कार्यक्रम में अपर सचिव सूचना श्री बंशीधर तिवारी, उपनिदेशक सूचना श्री मनोज श्रीवास्तव तथा उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह भी उपस्थित रहे।



