UP News : ‘यूपी में कानून नहीं, पुलिस का गुंडाराज’, स्वामी प्रसाद मौर्य का योगी सरकार पर हमला

UP News : स्वामी प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए यूपी में कानून-व्यवस्था, अपराध और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। गोरखपुर समेत कई जिलों का किया जिक्र।

UP News : अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। गोमतीनगर स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में मौर्य ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को आजादी के बाद की सबसे “निकम्मी सरकार” करार दिया।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और उन्हें कथित तौर पर सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रही है, जिसके चलते प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति बन गई है।

कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल

मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वहां दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस नामजद और अन्य आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें आत्मसमर्पण की सलाह दे रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि “पुलिस का गुंडाराज” है। मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के निर्दोष लोगों को मामलों में फंसाया जा रहा है, जबकि उनके मुताबिक प्रभावशाली लोगों को पुलिस संरक्षण मिल रहा है।

योगी सरकार पर साधा निशाना

स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतापगढ़, सहारनपुर, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर और कुशीनगर समेत कई जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नामजद और अज्ञात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बजाय कथित तौर पर सरेंडर का रास्ता बताया जा रहा है।

मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने ही गृह जनपद में हो रही आपराधिक घटनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button