Health News : सावधान! कहीं आप भी टॉयलेट पर बैठकर स्मार्टफोन तो नहीं चला रहे, रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

Health News : PLOS ONE में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार टॉयलेट पर स्मार्टफोन चलाने वालों में बवासीर का खतरा 46% तक बढ़ सकता है। जानिए रिसर्च में क्या सामने आया और कैसे बचें इस जोखिम से।

Health News : टॉयलेट पर बैठकर स्मार्टफोन चलाने की आदत आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। जर्नल PLOS ONE में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग शौच के दौरान फोन का उपयोग करते हैं, उनमें बवासीर (हेमोरॉयड्स) होने का खतरा 46 प्रतिशत तक अधिक हो सकता है।

यह शोध अमेरिका के Beth Israel Deaconess Medical Center के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया।

अध्ययन में क्या पाया गया?

कुल 125 वयस्कों को अध्ययन में शामिल किया गया। इनमें से 66% प्रतिभागियों ने स्वीकार किया कि वे टॉयलेट पर स्मार्टफोन का उपयोग करते हैं। फोन इस्तेमाल करने वालों में बवासीर का जोखिम, फोन न उपयोग करने वालों की तुलना में 46% अधिक पाया गया। लगभग 37% फोन उपयोगकर्ता हर बार 5 मिनट से अधिक समय तक टॉयलेट पर बैठे रहते हैं। जबकि केवल 7% गैर-उपयोगकर्ताओं ने 5 मिनट से अधिक समय बिताने की बात कही।

बवासीर क्या है?

बवासीर (Hemorrhoids) गुदा या मलाशय की नसों में सूजन की स्थिति है, जिससे दर्द, जलन और कई मामलों में रक्तस्राव हो सकता है। लंबे समय तक टॉयलेट पर बैठे रहना इसके प्रमुख जोखिम कारकों में गिना जाता है।

फोन और लंबे समय तक बैठने का संबंध

शोधकर्ताओं का मानना है कि जब लोग सोशल मीडिया, वीडियो या खबरें देखने में व्यस्त हो जाते हैं, तो समय का अंदाजा नहीं रहता। इससे व्यक्ति टॉयलेट पर सामान्य से ज्यादा देर तक बैठा रह सकता है, जिससे नसों पर दबाव बढ़ता है और सूजन की संभावना बढ़ जाती है।

दिलचस्प बात यह रही कि इस अध्ययन में जोर लगाने (straining) और बवासीर के बीच सीधा संबंध स्पष्ट नहीं हुआ। इससे संकेत मिलता है कि लंबे समय तक बैठे रहना भी एक अहम कारण हो सकता है।

डॉक्टरों के लिए अहम संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि बवासीर की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों से अब डॉक्टर टॉयलेट पर बिताए समय और स्मार्टफोन उपयोग की आदत के बारे में भी पूछ सकते हैं।

हालांकि, यह अध्ययन सीधे तौर पर यह साबित नहीं करता कि स्मार्टफोन बवासीर का कारण है, लेकिन दोनों के बीच महत्वपूर्ण संबंध जरूर दर्शाता है।

कैसे बचें इस जोखिम से?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ सावधानियां बरतने की सलाह देते हुए बताया कि टॉयलेट में स्मार्टफोन ले जाना बंद करें। बाथरूम में समय सीमित रखें। फाइबर युक्त आहार लें और पर्याप्त पानी पिएं। नियमित व्यायाम करें। छोटी सी आदत में बदलाव भविष्य में बड़ी स्वास्थ्य समस्या से बचा सकता है।

Related Articles

Back to top button