Unnao News-खाद्य सुरक्षा टीम ने छापेमारी कर लिए 11 नमूने
रक्षाबंधन के मद्देनजर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर हुई जांच, गंदगी मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस
Unnao News-रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में चले अभियान में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 11 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
टीम ने भगवंत नगर स्थित गंगा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से काजू कतली, बीघापुर के अकबराबाद विकासखंड क्षेत्र में छेना रसगुल्ला, मौरावां बाजार स्थित गुप्ता स्वीट हाउस से छेना मिठाई, बर्फी और बेसन लड्डू के नमूने लिए। इसके अलावा मौरावां बाजार स्थित पप्पू स्वीट्स एंड बेकर्स से पेड़ा का नमूना संकलित किया गया।
गंदगी मिलने पर नोटिस जारी
मौरावां बाजार स्थित गणपति स्वीट्स हाउस एंड बेकरी से छेना तथा नानामऊ तिराहा स्थित इस्लामुद्दीन से बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं नानामऊ तिराहा स्थित त्यागी स्वीट्स से बूंदी लड्डू और मिल्क केक तथा नानामऊ स्थित मां वैष्णो स्वीट्स से सफेद रसगुल्ला का नमूना संकलित किया गया।
गणपति स्वीट्स हाउस एंड बेकरी में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। वहीं त्यागी स्वीट्स में अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण कार्य किए जाने पर नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार संकलित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज कुमार यादव, रजनी वाजपेयी एवं वीरेंद्र सिंह टीम में शामिल रहे।



