Unnao News: रामपुर गढ़ौवा की बेटियों ने रचा इतिहास, परिषदीय स्कूल की बालिका फुटबॉल टीम पहुंची राज्य स्तर पर

Unnao News: Girls from Rampur Garhauva make history; girls' football team from the council school reaches the state level.

Unnao News:जिले के औरास विकासखंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा की 12 छात्राओं ने फुटबॉल के मैदान पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए परिषदीय विद्यालयों के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। विद्यालय की बालिका फुटबॉल टीम ने लखनऊ मंडल स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मंडल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया और इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।

बलिया में आयोजित एसजीएफआई की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में रामपुर गढ़ौवा की टीम ने हिस्सा लिया। खास बात यह है कि पहली बार किसी परिषदीय विद्यालय की बालिका फुटबॉल टीम ने अपनी जीत के दम पर मंडल स्तर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया है। इससे विद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ पूरे बेसिक शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है।

तीन मुकाबलों में एक ड्रॉ, दो में मिली हार

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम अब तक तीन मुकाबले खेल चुकी है। अयोध्या मंडल के खिलाफ खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं मेरठ मंडल के खिलाफ लखनऊ मंडल को 0-3 और प्रयागराज मंडल के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबले अभी खेले जाने बाकी हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे के स्तर के लिए चयन किया जाएगा।

12 छात्राओं ने संभाला मोर्चा

टीम में परी, अंशिका, ज्योतिका, अंजलि, माही, काजल और समरीन समेत कुल 12 छात्राएं शामिल हैं। ज्योतिका, समरीन और अंशिका ने अपने खेल से विशेष रूप से प्रभावित किया। शुरुआत में विद्यालय की नौ छात्राओं का चयन हुआ था, लेकिन अन्य विद्यालयों से पर्याप्त खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण रामपुर गढ़ौवा की पूरी 12 सदस्यीय टीम को मैदान में उतारा गया।

प्रशिक्षण में शिक्षकों की अहम भूमिका

टीम की तैयारियों में जिला व्यायाम शिक्षक पुरुषोत्तम यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्राथमिक विद्यालय बघोड़ा की शिक्षिका ज्योति देवी टीम की कोच हैं, जबकि प्रदीप वर्मा सह कोच और रईसुल इस्लाम गौर टीम मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खेल किट की व्यवस्था में असोहा के शिक्षक अनुराग सिंह ने आर्थिक सहयोग किया।

विद्यालय की छात्र-छात्राएं इससे पहले भी बेसिक शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं और चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं।

आगे 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारी

शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि छात्राओं के लिए बड़े मैदान और एसजीएफआई स्तर की प्रतियोगिता में खेलना पहला अनुभव है। प्रतियोगिता के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए बीएसए से विद्यालय में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने की अनुमति मांगी जाएगी। अगले सत्र से नियमित अभ्यास के साथ साप्ताहिक अभ्यास मैच कराने की भी योजना है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम के मुकाबले अभी जारी हैं और आगामी मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अगले स्तर के लिए चयन किया जाएगा। टीम मैनेजर के साथ विद्या सागर मिश्र और इंद्रपाल भी प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद रहे।

अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

छात्राओं की इस उपलब्धि पर बीएसए उन्नाव शैलेश पांडे ने टीम को शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक के बीईओ दीपेश कुमार, माध्यमिक खेल सचिव नवीन सिन्हा, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल, जिला खेल शिक्षिका अनीता वर्मा समेत जनपद के शिक्षकों ने भी छात्राओं के प्रदर्शन पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रामपुर गढ़ौवा की इन बेटियों की उपलब्धि से यह उम्मीद बढ़ी है कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिलेंगे।

Read Also-Business News: 10 से आइसक्रीम बेचेगी रिलायंस कंज्यूमर, लॉन्च किया ‘बॉम्बे क्रीमरी’

Related Articles

Back to top button