Unnao News-उन्नाव के स्कूल में SDM का औचक निरीक्षण, मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब
Unnao News: SDM conducts surprise inspection at an Unnao school; mid-day meal quality found poor.
Unnao News-विकासखंड असोहा के उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगतखेड़ा कम्पोजिट में सोमवार को उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में व्यवस्थाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने के साथ स्कूल भवन में जलभराव, सीलन और जर्जर स्थिति भी पाई गई। एसडीएम ने प्रभारी शिक्षक को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
236 में से सिर्फ 86 छात्र मिले उपस्थित
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छह सहायक शिक्षक, एक अनुदेशक और एक सहचर तैनात पाए गए। स्कूल में कुल 236 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन निरीक्षण के समय महज 86 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले।
विद्यालय की उपस्थिति को लेकर भी एसडीएम ने स्थिति की जानकारी ली और स्कूल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छत और कक्षों में मिला पानी, भवन में सीलन
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की छतों पर पानी जमा मिला। कई कक्षों में भी पानी भरा था और दीवारों में काफी सीलन दिखाई दी। विद्यालय भवन की हालत जर्जर पाए जाने पर एसडीएम ने भवन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यालय में केवल बालिका शौचालय उपलब्ध होने की जानकारी सामने आई।
निर्धारित मेन्यू के अनुसार नहीं बना था मिड-डे मील
एसडीएम के निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप तैयार नहीं मिला। भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कुछ विद्यार्थी स्कूल यूनिफॉर्म में भी नहीं मिले।
विद्यालय में बिजली की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं मिली। वहीं परिसर में बाउंड्रीवाल न होने के कारण बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी चिंता सामने आई। विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री और खेल मैदान की व्यवस्था भी नहीं मिली।
स्कूल स्तर की कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश
उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि विद्यालय स्तर पर जिन कमियों को तत्काल दूर किया जा सकता है, उन्हें ठीक कराने के लिए प्रभारी शिक्षक को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन, विद्युत व्यवस्था, बाउंड्रीवाल समेत अन्य आधारभूत समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। प्रशासन की ओर से विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।



