UP Budget 2026 : यूपी ने तकनीकी महाशक्ति बनने की दिशा में बढ़ाया निर्णायक कदम

UP Budget 2026 : यूपी बजट 2026-27 में आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को 2059 करोड़ रुपये, 76% बढ़ोतरी। एआई मिशन, साइबर सुरक्षा केंद्र, 8 डाटा सेंटर पार्क और 900 मेगावाट लक्ष्य के साथ यूपी तकनीकी महाशक्ति बनने की ओर।

UP Budget 2026 : उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट 2026-27 में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को रणनीतिक प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बताया कि इस क्षेत्र के लिए 2059 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो 2025-26 की तुलना में 76 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ोतरी एआई, साइबर सुरक्षा और डाटा इन्फ्रास्ट्रक्चर पर केंद्रित सरकार की दूरदर्शी नीति को दर्शाती है।

बजट में उत्तर प्रदेश एआई मिशन की शुरुआत की गई है, जिसके लिए 225 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इंडिया एआई मिशन के तहत प्रदेश की 49 आईटीआई में एआई लैब स्थापित होंगी। इसके अलावा एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और इंडिया एआई डाटा लैब्स के लिए 32.82 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़कर रोजगार सृजन सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।

डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 95.16 करोड़ रुपये से साइबर सुरक्षा संचालन केंद्र की स्थापना प्रस्तावित है। पहले से चल रहे एआई प्रज्ञा कार्यक्रम के तहत माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, इंटेल, आईबीएम जैसी वैश्विक कंपनियों के सहयोग से किसानों, विद्यार्थियों, डॉक्टरों और सरकारी कर्मियों को एआई प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

डाटा सेंटर सेक्टर में 30,000 करोड़ रुपये के निवेश से 8 डाटा सेंटर पार्क और 900 मेगावाट क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है। अब तक 21,342 करोड़ रुपये निवेश और 644 मेगावाट क्षमता वाली परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में यूपी देश का अग्रणी राज्य बन चुका है – मोबाइल निर्माण में 65% हिस्सेदारी, 55% इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां और 44,744 करोड़ रुपये का निर्यात इसकी पुष्टि करता है। स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर का दर्जा पाने वाला यूपी, इस बजट के साथ तकनीक आधारित विकास मॉडल की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button