UP News : 38 जिलों के नाविकों को मिलेंगी 66,077 लाइफ जैकेट, यूपी सरकार का बड़ा फैसला
UP News : उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में 66,077 लाइफ जैकेट वितरित होंगी। UPSDMA और PAC के माध्यम से 811 घाटों की 4,175 पंजीकृत नौकाओं को मिलेगा लाभ। जानें किस जिले को कितनी लाइफ जैकेट।
UP News : उत्तर प्रदेश सरकार ने नदियों में संचालित पंजीकृत नावों के नाविकों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSdma) और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के माध्यम से प्रदेश के 38 जनपदों में 66,077 लाइफ जैकेट वितरित की जाएंगी।
811 घाटों की 4,175 पंजीकृत नौकाओं को मिलेगा लाभ
राहत आयुक्त/अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जानकारी दी कि PAC द्वारा निविदा प्रक्रिया के माध्यम से 38 जिलों के 811 घाटों पर संचालित 4,175 पंजीकृत नौकाओं के लिए 66,077 लाइफ जैकेट खरीदी गई हैं।
इस पूरी योजना के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से 13 करोड़ 21 लाख 54 हजार रुपये की धनराशि PAC को जारी की गई है।
15 दिनों में होगा वितरण
संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों के नियंत्रण में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। राहत आयुक्त द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि 15 दिनों के भीतर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाइफ जैकेट वितरण सुनिश्चित किया जाए।
गुणवत्ता की लैब जांच
लाइफ जैकेट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए PAC और UPSDMA की संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार लैब परीक्षण कराया गया है। वितरण से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वाराणसी और प्रयागराज को सर्वाधिक लाइफ जैकेट
प्रदेश में बढ़ते जल परिवहन और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। विभिन्न जिलों में लाइफ जैकेट वितरण इस प्रकार होगा –
वाराणसी – 33,300
प्रयागराज – 12,267
मिर्जापुर – 5,437
मऊ – 3,394
बलिया – 1,844
हापुड़ – 1,462
कौशांबी – 970
बोट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर पंजीकरण
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संचालित बोट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर पंजीकृत नावों के आधार पर नाविकों को नाव की यात्री क्षमता के अनुसार लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश में जल परिवहन और पर्यटन को सुरक्षित बनाना है, ताकि नाविकों और यात्रियों की जीवन रक्षा सुनिश्चित की जा सके।



