UP News : ‘यूपी में तेल-गैस की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं’, सीएम योगी ने दिये कड़ी कार्रवाई के आदेश
UP News : उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफवाह फैलाने, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
UP News : Yogi Adityanath ने स्पष्ट किया है कि Uttar Pradesh में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। राज्य सरकार ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ईंधन और गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि इन उत्पादों की कथित किल्लत की अफवाह फैलाकर जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सरकारी निर्देशों के बाद जिलों में अधिकारियों द्वारा पेट्रोल-डीजल फिलिंग स्टेशनों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए।
सरकार के अनुसार, कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कमी को लेकर भ्रामक खबरें सामने आ रही हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है।



