UP Police SI Exam Controversy : ‘दरोगा भर्ती परीक्षा के सवाल पर विवाद’, विकल्प में ‘पंडित’ शब्द पर आपत्ति – जांच के निर्देश
UP Police SI Exam Controversy : यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न में ‘पंडित’ शब्द को विकल्प के रूप में शामिल करने पर विवाद बढ़ गया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
UP Police SI Exam Controversy : उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र में पूछे गए एक सवाल के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द शामिल किए जाने पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई संगठनों और लोगों ने इसे लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे एक समाज विशेष की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
दरअसल, प्रश्नपत्र में ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने को कहा गया था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे – सदाचारी, पंडित, अवसरवादी और निष्कपट। इनमें ‘पंडित’ शब्द को विकल्प के रूप में शामिल किए जाने पर विवाद शुरू हो गया और मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
डिप्टी सीएम ने जताई आपत्ति
मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि किसी भी प्रश्न के माध्यम से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या गलती पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर नागरिक की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान और समानता के सिद्धांत पर कार्य करती है और हर नागरिक की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



