गर्मी में बिजली संकट रोकने की तैयारी: यूपी में ट्रांसफार्मर फुंकने पर होगी कार्रवाई, यूपीपीसीएल सख्त
योगी आदित्यनाथ सरकार ने गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए तैयारी तेज की। यूपीपीसीएल ने ट्रांसफार्मर खराब होने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड ने सभी अधिकारियों को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।
यूपीपीसीएल के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने स्पष्ट किया कि गर्मियों में बढ़ती मांग को देखते हुए बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्याप्त बजट जारी किया जा चुका है और सभी आवश्यक उपकरण समय पर लगाए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही के कारण ट्रांसफार्मर फुंकते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधूरे कार्यों के लिए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राजधानी लखनऊ में बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में ट्रिपिंग न हो और उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली मिलती रहे।
यूपीपीसीएल ने विद्युत दुर्घटनाओं को लेकर भी “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई है। सरकार का लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम में प्रदेशवासियों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।



