पश्चिम बंगाल में योगी आदित्यनाथ की हुंकार: TMC पर तीखा हमला, ‘डबल इंजन’ सरकार का आह्वान

योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की रैलियों में TMC, कांग्रेस और वाम दलों पर निशाना साधते हुए सुरक्षा, घुसपैठ और विकास के मुद्दों को उठाया।

सोनामुखी/पूर्वी मेदिनीपुर। योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में उतरते हुए रविवार को सोनामुखी, नंदकुमार और कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों पर तीखे हमले बोले।

सीएम योगी ने कहा कि बंगाल में “मां, माटी और मानुष” का नारा खोखला साबित हो रहा है। उनके अनुसार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, जमीन पर घुसपैठियों का कब्जा बढ़ रहा है और आम लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC शासन में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार चरम पर है।

योगी ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो इस स्थिति को बदल सकती है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ राज्य में भी “डबल इंजन” सरकार बनाएं, जिससे विकास और कानून व्यवस्था मजबूत हो सके।

बांग्लादेश में हिंदुओं के मुद्दे पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण राज्य की जनसंख्या संतुलन पर असर पड़ रहा है।

सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि रवींद्रनाथ ठाकुर, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तित्वों की रही है, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे अराजकता की ओर धकेल दिया है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के मॉडल से बदलाव संभव है और बंगाल भी अब परिवर्तन की राह पर आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button