मुंबई। बिम्सटेक यंग प्रोफेशनल्स एक्सचेंज प्रोग्राम में जुटे युवा इनोवेटर्स और डेवलपर्स

मुंबई। विदेश मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर मुंबई और पुणे में पहले बिम्सटेक यंग प्रोफेशनल्स एक्सचेंज प्रोग्राम का आयोजन किया, जिसमें बिम्सटेक देशों के 30 युवा इनोवेटर्स, डेवलपर्स और उद्यमियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना था।

इस दौरान प्रतिभागियों ने कई प्रमुख संस्थानों का दौरा किया, जिनमें आईआईटी बॉम्बे, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी, भारत डायमंड बोर्स, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, इन्फोसिस और सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इससे प्रतिभागियों को उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ बातचीत करने और भारत में इनोवेशन तथा आर्थिक विकास को गति देने वाले संस्थानों के कामकाज को समझने का अवसर मिला।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस कार्यक्रम की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान की थी। यह बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के युवाओं के बीच जुड़ाव को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। कार्यक्रम का उद्देश्य ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, सहयोग को मजबूत करना और भारत के तेजी से बढ़ते इनोवेशन, स्टार्ट-अप, अनुसंधान व टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम से प्रतिभागियों को परिचित कराना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्य के जीवंत ज्ञान, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए इसकी क्षमता पर प्रकाश डाला।

Also Read: ब्रुसेल्स। जयशंकर की ईयू नेतृत्व से मुलाकात, व्यापार व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

भारत अपनी नेबरहुड फर्स्ट और एक्ट ईस्ट नीतियों की भावना के अनुरूप ऐसे मंचों को महत्वपूर्ण मानता है, जहां युवा पेशेवर, उद्यमी और इनोवेटर्स आपस में संवाद कर सकें, एक-दूसरे से सीख सकें और दीर्घकालिक साझेदारियां विकसित कर सकें। यह पहल क्षेत्रीय संबंधों को मजबूत करने और बिम्सटेक क्षेत्र के उभरते नेताओं के बीच स्थायी नेटवर्क बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Back to top button