adevertisment Adevertiisment banner

हरिपोरा इलाके में सुरक्षाबलों-आतंकियों के बीच गोलीबारी थमी, सर्च ऑपरेशन जारी

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में आम लोगों को निशाना बनाकर अशांति फेलाने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों पर सुरक्षाबलों ने अपना शिकंजा और तंग कर दिया है। गत बुधवार को अवंतीपोरा में दो आतंकवादियों को मार गिराने के बाद सुरक्षाबलों ने अब शोपियां के हरिपोरा इलाकों में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। गांव के साथ लगते जंगल में दो से तीन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना है। हालांकि काफी देर से आतंकवादियों की तरफ से गोलीबारी नहीं हुई है। सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी की आड़ में आतंकवादी बच निकलने में सफल रहे हैं। अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षाबलों ने यह अभियान गत बुधवार शाम को शुरू किया था। पुलिस को शोपियां के हरिपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली। उसी समय एसओजी, सेना की 44 बटालियन व सीआरपीएफ जवानों का संयुक्त दल इलाके में पहुंच गया। घेराबंदी करने के बाद आतंकियों की तलाश शुरू की गई। तलाशी अभियान के दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने जब सुरक्षाबलों को अपने नजदीक आते देखा तो उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। सतर्क जवानों ने भी फायरिंग शुरू होते ही अपनी पोजीशन ली और आतंकियों पर जवाबी फायर शुरू कर दिया।अंधेरा होने के कारण सुरक्षाबलों ने घेराबंदी में फंसे आतंकियों पर रूक-रूककर गोलीबारी जारी रखी। सुबह गोलीबारी का सिलसिला फिर तेज हो गया। अब पिछले करीब आधे घंटे से गोलीबारी थम गई है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है।

Related Articles

Back to top button