adevertisment Adevertiisment banner

अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद: दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लंबा जाम, बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट बंद

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) को लेकर देशभर में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहा है. वहीं, कई राज्यों में ये प्रदर्शन हिंसक होते भी नजर आए हैं. फिलहाल बिहार में प्रदर्शनकारियों और छात्र संगठनों के बिहार बंद बुलाए जाने के बाद आज भारत बंद बुलाया गया है. इसे लेकर देश के तमाम राज्यों में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. देशभर में अग्निपथ योजना के विरोध में रहे प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. हजारों की तादाद में कई राज्यों में युवा इस योजना के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं. अग्निपथ योजना को लेकर रविवार के दिन तीनों सेनाओं की ओर से एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई. जिसमें अग्निपथ योजना के फायदों के बारे में बताया गया. तो वहीं, अब प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सोमवार के दिन भारत बंद का एलान कर दिया है. भारत बंद के एलान के देखते हुए RPF और GRP हाईअलर्ट पर हैं. लिहाजा RPF के सीनियर ऑफिसर्स ने हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं. आदेश में साफतौर पर कहा गया है कि हिंसा करने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. भारत बंद के एलान के बाद RPF और GRP के अधिकारियों ने कहा है कि चप्पे-चप्पे पर बारीकी से नजर रखी जाएगी. अगर कोई भी प्रदर्शनकारी हिंसा करता है, तो उसके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा. भारत बंद के दौरान हर गतिविधि की सतर्कतापूर्वक निगरानी की जाएगी. इसके साथ ही मोबाइल, कैमरा, सीसीटीवी से हिंसा करने वालों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य जुटाने के आदेश दिए गए हैं.

बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट बंद
सेना में नई भर्ती ‘अग्निपथ स्कीम’ के खिलाफ आज ‘भारत बंद’ के आह्वान पर कई राज्य अलर्ट पर हैं. बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं.

ट्रेनों के रद्द होने से बढ़ी परेशानी
अग्निपथ स्कीम के खिलाफ भारत बंद के एलान के बाद कई ट्रेनें रेलवे ने रद्द कर दी है. इसके बाद लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है. गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने कहा कि तीन-चार घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. जब हमने पिछले रात ट्रेन के स्टेटस चेक किया था तो उसमे कैंसिल नहीं बताया गया था, लेकिन जब स्टेशन पहुंचा तो पता चला कि ट्रेन रद्द की जा चुकी है.

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रबंध
भारत बंद को देखते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंध किया गया है. RPF, GRP और रेलवे इंटेलिजेंस प्लान बनाकर निगरानी कर रही है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ ना कर पाए और किसी भी प्रकार की समस्या ना आए.

बिहार में सुरक्षाबल तैनात
अग्निपथ योजना के विरोध में आज कुछ संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर पटना के डाक बंगला चौराहा पर सुरक्षाबल तैनात हैं.

कांग्रेस का जंतर मंतर पर प्रदर्शन शुरू
जंतर मंतर पर कांग्रेस का प्रदर्शन शुरू हो चुका है. मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद, रणदीप सुरजेवाला, शक्ति सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी जंतर मंतर पर सत्यमेव जयते ओर सत्याग्रह प्रदर्शन में पहुंच चुके हैं.

दिल्ली–गुरुग्राम बॉर्डर पर जाम
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर (Sarhaul border) पर जाम की वजह से बुरा हाल है. जाम इसलिए लगा है क्योंकि दिल्ली की तरफ जा रही गाड़ियों की सख्त चेकिंग हो रही है.

राष्ट्रपति से मिलेंगे कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता अजय माकन ने बताया है कि वे लोग आज जंतर मंतर पर सत्याग्रह करेंगे. फिर शाम को राष्ट्रपति से मिलकर गुजारिश करेंगे कि अग्निपथ योजना को रद्द किया जाए. जंतर मंतर पर प्रदर्शन की कांग्रेस को इजाजत मिल गई है. लेकिन इसमें बस हजार लोग शामिल हो सकते हैं.

बंगाल में भी कड़ी सुरक्षा
पश्चिम बंगाल में अग्निपथ योजना के खिलाफ ‘भारत बंद’ के आह्वान के चलते हावड़ा में सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम किए गए. DCP नॉर्थ अनुपम सिंह ने कहा, जगह-जगह पुलिस तैनात है. हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैदी से तैनात हैं. युवाओं से आग्रह है कि किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम न दें.

भारत बंद के चलते पंजाब पुलिस अलर्ट: सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई नई अग्निपथ योजना के खिलाफ सोमवार को संभावित भारत बंद के मद्देनजर पंजाब पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही पंजाब में सभी बड़े सैन्य कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं.

हरियाणा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम: हरियाण में भी सेना की अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं. जिसके तहत फरीदाबाद पुलिस ने कानून व्यवस्था की दृष्टि से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली है. सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आज फरीदाबाद में तकरीबन 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

झारखंड में बंद रहेंगे स्कूल: मध्य भारत में भी अग्निपथ योजना का विरोध का बूरा असर देखा जा रहा है. युवाओं के बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए सोमवार के दिन झारखंड में सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. झारखंड के शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार के दिन झारखंड में सभी स्कूल बंद रहेंगे.

Related Articles

Back to top button