adevertisment Adevertiisment banner

अयोध्या : ई-बस का कैंट स्टेशन से नया घाट तक शुरू हुआ संचालन

-विधायक वेद प्रकाश गुप्त, नगर आयुक्त विशाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया

-श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई गई 18 बसें

-बस में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए 5 कैमरे

अयोध्या। रामनवमी मेले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को सौगात देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 18 बसें संचालित की है। जिसमें नगर क्षेत्र में 10 इलेक्ट्रिक बसों को श्रद्धालुओं के लिए लगाया गया है। श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 8 डीजल बसें लगाई गई। सोमवार को अयोध्या धाम बस स्टेशन से नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व नगर आयुक्त विशाल सिंह व आरएम एआरएम ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मेले पर आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए पांच दिन के ट्रायल के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसें (ई-बसें) उतार दी गई हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगरीय ई-बसों का अधिकतम किराया 33 रुपये और न्यूनतम किराया 12 रुपये है। अयोध्या कैंट स्टेशन से नया घाट तक चलने वाली 28 सीटों वाली यह बसें पहले दिन हाईवे पर फर्राटा भरती नजर आईं। पहली बार अयोध्या पहुंचीं बसों में सवार होने के लिए यात्रियों में काफी उत्सुकता देखी गई। यात्रियों का बसों के प्रति रुझान देखकर नगर के ऑटो, टैंपों व ई-रिक्शा चालकों में खलबली मच गई।

रामनवमी मेले को देखते हुए इन बसों के संचालन के लिए कई अलग-अलग प्वाइंट बनाए गए हैं। यह बसें अयोध्या कैंट स्टेशन से चलकर सहादतगंज, आरटीओ ऑफिस, नाका, देवकाली, बूथ नंबर 4, अयोध्या बस स्टैंड से होते हुए नया घाट चलेंगी। लखनऊ के दुबग्गा डिपो की यह बसें रामनगरी को प्रदूषण मुक्त भी रखेंगी। इन बसों में सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। पूर्ण रूप से वातानुकूलित बसों में 5 कैमरे लगाए गए हैं। संचालन के लिए एक निर्धारित किराया भी तय किया गया है। नगर विकास विभाग की ओर से संचालित बसें लखनऊ के दुबग्गा डिपो से आई हैं। बसों में आगे-पीछे लगे डिस्प्ले में रामनगरी अयोध्या में आपका स्वागत है चल रहा है। अभी यह बसें अयोध्या धाम स्थित बस स्टेशन पर चार्ज होंगी। इनमें महिलाओं के चार सीटें आरक्षित हैं। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों अयोध्या दौरे के दरमियान समीक्षा बैठक के दौरान श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर मंथन किया था, जिसमें मूलभूत सुविधाएं पानी सड़क और आवागमन के लिए निर्देशित किया था। आगामी दिनों में अयोध्या में 35 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का उद्देश्य रखा गया है।

Related Articles

Back to top button