adevertisment Adevertiisment banner

उत्तराखंड की महिला निकली बुली बाई ऐप की मास्टरमाइंड

मुंबई। बुली बाई ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की बोली लगवाने के मामले में अजब खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में उत्तराखंड से एक महिला को अरेस्ट किया है। यह महिला ही इस पूरे केस की मास्टरमाइंड बताई जा रही है, यानी यही महिलाओं की बोली लगवा रही थी। मुंबई पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को उत्तराखंड में इस महिला को गिरफतार किया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बुधवार को उसे मुंबई लाया जाएगा। उधर, इस मामले में बंगलूर से गिरफ्तार सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल झा बिहार का रहने वाला है। उसे मुंबई के बांद्रा मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने आधे घंटे की सुनवाई के बाद 10 जनवरी तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मुंबई पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी युवती बुली बाई ऐप से जुड़े तीन अकाउंट हैंडल कर रही थी। सह आरोपी विशाल ने खालसा सुप्रेमेसिस्ट के नाम से खाता खोला। मुख्य आरोपी युवती और विशाल झा दोनों अच्छे दोस्त हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों की दोस्ती हुई थी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, दोनों नाम बदल कर सोशल मीडिया में अकाउंट चलाते थे। इन्होंने सिख संगठनों के नाम से कुछ अकाउंट खोल रखे थे। साइबर सेल की टीम इन सोशल अकाउंट की जांच कर रही है। फिलहाल महिला की पहचान उजागर नहीं की गई है। गौरतलब है कि यह मामला सबसे पहले पहली जनवरी को सामने आया था। आरोपियों ने कई मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों को एडिट कर गिटहब प्लेटफार्म पर बने बुली बाई ऐप पर ऑक्शन के लिए डाला था। इसमें उन महिलाओं को टारगेट किया गया था, जो सोशल मुद्दों पर सक्रिय थीं। इनमें कुछ महिला जर्नलिस्ट, एक्टिविस्ट और लॉयर शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button