adevertisment Adevertiisment banner

काशी तमिल संगमम समापन समारोह में शामिल होंगे गृह मंत्री अमित शाह, मेयर प्रत्याशी के नाम पर लग सकती है मुहर

वाराणसी: गृह मंत्री अमित शाह 16 दिसंबर यानी कल वाराणसी आ रहे हैं. लगभग दो से ढाई घंटे तक गृहमंत्री को वाराणसी में रहना है. गृह मंत्री अमित शाह सबसे पहले काशी तमिल संगमम के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जो बीएचयू में आयोजित हो रहा है. इस कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह वाराणसी निकाय चुनाव को लेकर मंत्रणा भी कर सकते हैं. इसे लेकर बीजेपी कार्यालय पर हलचल तेज हो गई है.
बीजेपी काशी क्षेत्र महानगर दोनों कार्यालयों पर बैठकों का दौर चलता रहा. इतना ही नहीं मेयर के नामों को लेकर रायशुमारी मीटिंग भी आज लंबे समय तक चली, जिसे लेकर मीटिंग में रखे गए मेयर पद के कुछ उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की गई है. माना जा रहा है कि इन नामों को 16 दिसंबर को गृह मंत्री अमित शाह के सामने भी रखा जाएगा.
16 दिसंबर को गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले बीजेपी कार्यालय पर बैठकों का दौर जारी है. भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय पर रायशुमारी बैठक आयोजित की गई. इसके अलावा काशी क्षेत्र के रोहनिया स्थित कार्यालय पर बीजेपी जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में गृह मंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों के बाबत बैठक हुई. भारतीय जनता पार्टी ने आगामी होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए कमर कस ली है.
भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के नेतृत्व में नगर निकाय चुनाव के महानगर प्रभारी तथा महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने नगर निगम निकाय चुनाव से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महानगर के सभी मंडलों के मंडल प्रभारी पालक मंडल अध्यक्ष के साथ वार्ड संयोजक तथा वार्ड प्रभारी के साथ स्क्रीनिंग कमेटी की रायशुमारी बैठक संपन्न हुई. जिसमें प्राथमिकता के आधार पर मंडलवार अलग-अलग वार्ता करके चयन किया तथा अपनी रिपोर्ट को स्क्रीनिंग कमेटी में रखने का कार्य किया.
पार्टी सोर्सेज के मुताबिक मेयर पद के प्रत्याशी को लेकर बीजेपी के पास 5 नाम संभावित तौर पर पहुंचे हैं. जिसे लेकर मंथन हो रहा है. इनमें तीन नाम बीजेपी के बड़े पदाधिकारियों के हैं, जबकि 2 नाम शहर के नामचीन और आरएसएस के करीबी माने जाने वाले लोगों के हैं. जिनमें से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट भी बताए जा रहे हैं. फिलहाल नामों को लेकर अभी भारतीय जनता पार्टी बहुत कुछ स्पष्ट नहीं कर रही है, लेकिन इन 5 नामों में से ही किसी एक पर मुहर लगना तय माना जा रहा है.
वहीं, रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र के बीजेपी कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें गृह मंत्री अमित शाह के 16 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंथन किया गया. काशी तमिल संगमम में गृह मंत्री अमित शाह का आगमन होना है. इस कार्यक्रम की शुरुआत एक महीना पहले 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी और समापन कार्यक्रम में गृह मंत्री शामिल होंगे. इसे लेकर बीजेपी संगमम की सफलता के साथ ही कार्यकर्ताओं को बेहतर तरीके से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और अन्य लोगों को भी वहां लेकर जाने के लिए प्लान तैयार कर रही है. वहीं, भारतीय जनता पार्टी महिला विंग (Bharatiya Janata Party Women Wing) की बैठक भी हुई, जिसमें गृह मंत्री के आगमन पर महिला मोर्चा स्वागत कार्यक्रम को लेकर भी प्लान तैयार कर रही है.

Related Articles

Back to top button