adevertisment Adevertiisment banner

पीएम मोदी ने देशवासियों से की योग दिवस को सफल बनाने की अपील

नई दिल्ली: रक्षा सेवाओं में भर्ती की नयी ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों से ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ को सफल बनाने की अपील की. मोदी ने एक ट्वीट में कहा, कल यानी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. इस बार यह आयोजन ‘मानवता के लिए योग’ की थीम के तहत होगा. आइए, हम सब मिलकर इसे सफल बनाएं एवं योग की लोकप्रियता को और बढ़ाएं.

प्रधानमंत्री ने यह ट्वीट हिंदी और अंग्रेजी सहित कई भारतीय भाषाओं में किया. मोदी आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले योग दिवस के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से लगातार योग के विभिन्न फायदों के बारे में ट्वीट कर रहे हैं. इस बार 21 जून को आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था.

मोदी इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कर्नाटक के मैसूर पैलेस मैदान में सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. योग दिवस का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब ‘अग्निपथ योजना’ की घोषणा के बाद से बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और तेलंगाना समेत अनेक राज्यों में इसके खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं.

Related Articles

Back to top button