adevertisment Adevertiisment banner

भाजपा प्रदेशभर में सुनाएगी ‘बम-बम काशी’ की गूंज

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में ‘विकास की गंगा’ का संदेश दे रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब गंगा किनारे से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अलख भी जगाने जा रही है। अयोध्या में मंदिर निर्माण से उत्साहित भाजपा चाहती है कि ‘बम-बम काशी’ की गूंज भी प्रदेशभर में गूंजे। इसके लिए संगठन ने कमर कस ली है। श्री काशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण समारोह से मठ-मंदिर, संत-महंतों को जोड़ने के साथ ही गांव-गांव इसका सीधा प्रसारण कराया जाएगा। तीन दिन के दीपोत्सव में उत्तर प्रदेश में कितने दीप झिलमिलाते हैं, वह भी आगे की राजनीतिक राह पर कुछ प्रकाश डालेंगे। उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालते ही योगी सरकार ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को अपनी प्राथमिकता में रखा। अयोध्या में मंदिर निर्माण के साथ वहां का विकास बड़ा संकल्प था तो मथुरा-वृंदावन, चित्रकूट, प्रयागराज, नैमिषारण्य आदि धार्मिक नगरियों में भी विकास कार्य कराए गए। वहां पर्व-त्योहार उल्लास के साथ मनाए गए। नए तीर्थ स्थल घोषित किए। अब जब विधानसभा चुनाव नजदीक है तो इसका संदेश भाजपा जन-जन तक पहुंचाना भी चाहती है। यही वजह है कि वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम कारिडोर के लोकार्पण के सरकारी कार्यक्रम के साथ पार्टी संगठन ने अपने भी कार्यक्रम बना लिए हैं।

Related Articles

Back to top button