adevertisment Adevertiisment banner

मायावती की अपील- अग्निपथ योजना ने किया निराश पर संयम बरतें युवा

लखनऊ।  बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि केंद्र की अल्पावधि सैन्य भर्ती योजना से युवा काफी निराश हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। हालांकि, उन्होंने युवाओं से संयम बरतने की अपील की है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ऐसे समय में जब मुट्ठीभर लोगों को छोड़कर देश की विशाल आबादी में से खासकर युवा वर्ग गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, तनाव आदि के अग्निपथ पर हर दिन बिना थके-हारे जीवन संघर्ष को मजबूर हैं, उन्हें केन्द्र की अल्पावधि ’अग्निपथ’ सैन्य भर्ती स्कीम ने काफी निराश व हताश किया है। केन्द्र द्वारा रेलवे, सेना व अर्द्धसैनिक बल आदि में भर्ती की संख्या व संभावना को अतिसीमित करने का ही परिणाम है कि खासकर ग्रामीण परिवेश के हिम्मतवर नौजवान काफी असहाय व ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं तथा भविष्य को अंधकार में पाकर उनका आक्रोश उबाल पर है, जिसे सही से संभालना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र से पुनः अनुरोध है कि देश के भविष्य इन पीड़ित नौजवानों के दर्द व इनके भविष्य के मुद्दे को गंभीरता से लेकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करे तथा देश की सुरक्षा से संबंधित ऐसे अहम मामलों में संसद को विश्वास में जरूर ले। नौजवानों से भी अपील है कि वे संयम जरूर बरतें।

Related Articles

Back to top button